लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन, विश्व कुष्ठ रोग दिवस पर ‘स्पर्श जागरूकता पखवाड़ा’ का आगाज़
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार, 30 जनवरी को स्वास्थ्य भवन, नागौर में विश्व कुष्ठ रोग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं माल्यार्पण के साथ की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को नमन किया।
इसी अवसर पर ‘स्पर्श कुष्ठ जागरूकता पखवाड़ा’ का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। यह जागरूकता अभियान 30 जनवरी से 13 फरवरी तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत जिले के जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर कुष्ठ रोग निवारण, समय पर पहचान तथा सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने हेतु विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कुष्ठ रोग समय पर उपचार से पूरी तरह संभव
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने कहा कि विकसित भारत अभियान के तहत जिले के सभी नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी यह संकल्प लें कि नागौर जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने में कोई कमी न छोड़ी जाए। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग का समय पर निदान सरल है तथा नियमित उपचार से यह रोग पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
रोगियों को वितरित की गई सहायता किट
स्वास्थ्य भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुष्ठ रोग से ग्रसित मरीजों को सहायता किट वितरित की गई। यह किट अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीशराम चौधरी एवं उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सारण द्वारा प्रदान की गई।
डॉ. आर.के. सारण ने कहा कि,
“स्पर्श कुष्ठ जागरूकता पखवाड़ा केवल रोग निवारण का अभियान नहीं है, बल्कि समाज में फैले कलंक और भेदभाव को समाप्त करने का अवसर भी है। प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को सम्मान और गरिमा के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा उद्देश्य है।”
घर-घर जाकर चलेगा जागरूकता अभियान
अभियान के सहायक नोडल एपिडेमोलॉजिस्ट साकिर खान ने जानकारी दी कि पखवाड़े के दौरान घर-घर जाकर लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार एवं रोकथाम के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में कुष्ठ रोग का उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।
ये रहे उपस्थित अधिकारी
कार्यक्रम में धनराज कलवा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सतपाल नेतड़, सहायक प्रशासनिक अधिकारी कालूराम गोदारा, कनिष्ठ सहायक विनोद तिवाड़ी, एफसीएलओ सादिक त्यागी, मनीराम, सुनील सोलंकी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















































