लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान युवा नीति–2026
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर ठोस निर्णय ले रही है। मुख्यमंत्री का मानना है कि युवा प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं और वे राज्य की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। बदलते वैश्विक परिदृश्य, तकनीकी नवाचारों तथा सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने राजस्थान युवा नीति–2026 को लागू किया है।
यह नई युवा नीति पूर्व में लागू नीति को और अधिक प्रभावी बनाते हुए युवाओं को सही दिशा, अवसर और मंच प्रदान करने का कार्य करेगी। नीति का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्वकर्ता, जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माण का सक्रिय सहभागी बनाना है।
नेतृत्व, कौशल और उद्यमिता पर विशेष फोकस
राजस्थान युवा नीति–2026 के माध्यम से युवाओं को आर्थिक प्रगति और सामाजिक परिवर्तन का भागीदार बनाया जाएगा। नीति में रोजगार सृजन, कौशल विकास, उद्यमिता, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है।
युवा नीति के प्रमुख आठ स्तंभ
1. शिक्षा और कौशल विकास
युवाओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुँच बढ़ाने, करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। कौशल आधारित और समावेशी शिक्षा मॉडल को बढ़ावा दिया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नवीन तकनीकों को प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
2. रोजगार और उद्यमिता
नीति का लक्ष्य युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार प्रदाता बनाना है। स्टार्ट-अप, स्वरोजगार, गिग और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत युवाओं को सशक्त करने पर जोर दिया गया है।
3. स्वास्थ्य और कल्याण
युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई है। नशामुक्त जीवनशैली, योग-ध्यान, खेल गतिविधियों और मानसिक स्वास्थ्य सहायता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।
4. युवा नेतृत्व विकास
युवाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित कर उन्हें शासन व्यवस्था में सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा।
5. सामाजिक न्याय और लैंगिक समानता
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत के अनुरूप, नीति यह सुनिश्चित करती है कि राज्य के प्रत्येक युवा को समान अवसर मिले और सामाजिक व लैंगिक भेदभाव से मुक्त वातावरण उपलब्ध हो।
6. कला और संस्कृति
विकास के साथ विरासत के संरक्षण की भावना को मजबूत करते हुए युवाओं को राजस्थान की संस्कृति, साहित्य और परंपराओं से जोड़ा जाएगा। युवा कलाकारों और नवोदित प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
7. पर्यावरण संरक्षण
युवाओं की भागीदारी से जलवायु संरक्षण, हरित प्रौद्योगिकी, स्वच्छ वातावरण और पारंपरिक पर्यावरणीय प्रथाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
8. संस्थागत तंत्र
युवा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तीन-स्तरीय संस्थागत ढांचा विकसित किया गया है। खेल एवं युवा मामलात मंत्री के नेतृत्व में उच्च-स्तरीय समिति, राज्य स्तरीय टास्क फोर्स और कोर कमेटी का गठन किया जाएगा।
युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में लाई गई राजस्थान युवा नीति–2026 युवाओं को रोजगार, कौशल और नेतृत्व के नए अवसर प्रदान कर उन्हें संवेदनशील, सक्षम और राष्ट्र निर्माण का सहभागी नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।















































