लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘मन की बात’ की 130वीं कड़ी
जयपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 130वीं कड़ी के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। वर्ष 2026 में यह ‘मन की बात’ का पहला संस्करण रहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर स्थित कैंप कार्यालय में आमजन के साथ कार्यक्रम सुना।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर मतदाता पंजीकरण कराने और पहली बार मतदान को उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की आत्मा होता है और राष्ट्रीय मतदाता दिवस देश के लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है।
भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल के 10 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने स्टार्टअप और उद्योग जगत से जुड़े युवाओं से आग्रह किया कि अब देश की प्राथमिकता “क्वालिटी” होनी चाहिए और ‘जीरो डिफेक्ट–जीरो इफेक्ट’ के संकल्प के साथ भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जाए।
जनभागीदारी देश की सबसे बड़ी ताकत
प्रधानमंत्री ने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) में तमसा नदी के पुनर्जीवन, अनंतपुर (आंध्र प्रदेश) में जलाशयों के पुनरुद्धार, विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियानों, पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपने जीवन में भक्ति और संस्कृति को आत्मसात कर रहे हैं। साथ ही विदेशों में भारतीय समुदाय, विशेषकर मलेशिया में भारतीय समाज द्वारा संस्कृति संरक्षण के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री ने रामसर के किसानों के नवाचारों को सराहा
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीअन्न (मिलेट्स) के बढ़ते महत्व पर चर्चा करते हुए राजस्थान के रामसर क्षेत्र के किसानों के नवाचारों की सराहना की। उन्होंने बताया कि रामसर ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी से 900 से अधिक किसान जुड़े हुए हैं, जो बाजरे की खेती कर उसे प्रोसेस कर रेडी-टू-ईट लड्डू तैयार कर रहे हैं, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु की महिला किसानों के प्रयासों की भी सराहना की।
दो वर्षों में प्रदेश में लगाए गए 19 करोड़ पौधे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘मन की बात’ संबोधन आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत देशभर में 200 करोड़ पौधे लगाए जाने का उल्लेख किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने भी इस अभियान से प्रेरित होकर पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है। पिछले वर्ष लगभग 7 करोड़ और इस वर्ष करीब 12 करोड़ पौधे लगाए गए हैं, जिससे अब तक कुल 19 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया जा चुका है। 
रामसर का उल्लेख प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए सम्मान
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि रामसर के किसानों द्वारा बाजरे को प्रोसेस कर रेडी-टू-ईट उत्पाद तैयार करना उनकी मेहनत, नवाचार और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से इसका उल्लेख राजस्थान के अन्नदाताओं के परिश्रम को सम्मान देने जैसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीअन्न आधारित नवाचारों से किसानों की आय बढ़ेगी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और “स्वस्थ राजस्थान–समृद्ध राजस्थान” के लक्ष्य को गति मिलेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।















































