लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि आज का भारत युवाओं की ऊर्जा, शिक्षा और संस्कारों के बल पर विश्व पटल पर नेतृत्व कर रहा है। युवा राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार युवाओं के भविष्य की मजबूत नींव रख रही है। शिक्षा, संस्कार और सुरक्षा—यही नए राजस्थान की पहचान है।
कॉमर्स कॉलेज में शुक्रवार को आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित “सरस्वती वंदन, युवा विद्यार्थी संवाद तथा मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक” कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद वर्ग के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाती है। गार्गी पुरस्कार हमारी बेटियों के सपनों को उड़ान देता है, ट्रांसपोर्ट वाउचर विद्यार्थियों की शिक्षा में बाधा नहीं आने देता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार देती है।
सांसद मंजू शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्र के लिए सर्वस्व अर्पण की प्रेरणा देता है। वहीं, बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, विद्या और संस्कारों की ओर अग्रसर होने का संदेश देता है।
सरकार पर आमजन का विश्वास मजबूत हुआ है
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी के माध्यम से किये गए आर्थिक हस्तांतरण ऐतिहासिक हैं। इससे आमजन का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि गार्गी पुरस्कार, ट्रांसपोर्ट वाउचर और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं केवल आर्थिक सहायता नहीं हैं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की बेटियों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को संबल प्रदान करते हुए ₹880 करोड़ से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। इसमें गार्गी पुरस्कार योजना के तहत ₹127 करोड़, विद्यार्थियों के ट्रांसपोर्ट वाउचर के लिए ₹53 करोड़ तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के ₹700 करोड़ शामिल हैं।
इस अवसर पर सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।















































