लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित कौशल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में राजेन्द्र मार्ग स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, माण्डल (भीलवाड़ा) में आयोजित जिला स्तरीय कौशल प्रदर्शनी प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह गहलोत ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र दीपक वैष्णव ने सिक्योरिटी ट्रेड में प्रथम स्थान तथा छात्र आशुतोष छीपा ने रिटेल ट्रेड में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सिक्योरिटी ट्रेड में दीपक वैष्णव ने लाइब्रेरी सुरक्षा मॉडल तैयार किया, वहीं रिटेल ट्रेड में आशुतोष छीपा ने स्वदेशी मॉल का आकर्षक और उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किया। दोनों विद्यार्थियों ने यह मॉडल व्यावसायिक प्रशिक्षक आशीष सोनी (रिटेल) एवं हेमन्त पाटीदार (सिक्योरिटी) के निर्देशन में तैयार किए।
विद्यालय की कौशल मित्र श्रीमती रेखा शर्मा तथा प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में करीब 15 दिनों तक चली नियमित मेहनत, लगन और निष्ठा का परिणाम यह शानदार सफलता रही। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















































