लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चंद्रकांता बाहेती बनी अध्यक्ष, मनोरमा कोठारी को मिली सचिव की जिम्मेदारी
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) नगर माहेश्वरी महिला संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सुमन सोनी के निर्देशन में भीलवाड़ा की काशीपुरी वकील कॉलोनी माहेश्वरी महिला मंडल के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुए। चुनाव में चंद्रकांता बाहेती को निर्विरोध अध्यक्ष तथा मनोरमा कोठारी को सचिव चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षक के रूप में रीना डाड एवं विनीता तोषनीवाल का सानिध्य प्राप्त रहा। निर्विरोध निर्वाचन से महिला मंडल में उत्साह एवं एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष चंद्रकांता बाहेती ने जिम्मेदारी संभालते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन की परंपरा समाज में एकता, सहयोग और सौहार्द का सशक्त संदेश देती है, जो भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं के लिए मजबूत आधार बनती है।
अध्यक्ष बाहेती ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए संध्या नुवाल को कोषाध्यक्ष एवं पुष्पा ईनानी को संगठन मंत्री के रूप में मनोनीत किया।
मंडल की निवर्तमान अध्यक्ष शीला जागेटिया ने बताया कि चुनाव समापन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का महिला सदस्यों द्वारा माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान मंडल की सभी महिला सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि सामूहिक प्रयासों से ही सामाजिक संगठन सशक्त बनते हैं और समाज का सर्वांगीण विकास संभव होता है।















































