लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
65 लाख अभिभावकों की सहभागिता का लक्ष्य
जयपुर । इस वसंत पंचमी, राजस्थान शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। 23 जनवरी को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में मेगा पीटीएम (Parent-Teacher Meeting) का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी पीईईओ और यूसीईओ स्तर के विद्यालयों में निपुण मेले का आयोजन होगा। यह आयोजन न केवल राज्य का अब तक का सबसे बड़ा शैक्षणिक सहभागिता कार्यक्रम होगा, बल्कि अभिभावकों की भागीदारी के मामले में भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्यभर के प्रत्येक राजकीय विद्यालय में अभिभावक अपने बच्चों के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास से जुड़ी जानकारी सीधे शिक्षकों से साझा कर सकेंगे। इस अवसर पर 65 लाख अभिभावकों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है, जो पिछले मेगा पीटीएम में निर्धारित 41 लाख से कहीं अधिक है।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे संवाद
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कॉमर्स कॉलेज, जयपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग 5 हजार विद्यार्थी, 1 हजार अभिभावक, 500 शिक्षक, 5 हजार कॉलेज शिक्षा विभाग के प्रतिभागी और 1 हजार कौशल शिक्षा से जुड़े प्रतिभागी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल, डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण और ट्रांसपोर्ट वाउचर प्रदान करेंगे। साथ ही वे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद करेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे।
राज्य के सभी जिलों के डीओआईटी केंद्रों के माध्यम से स्कूलों और जिला-बलॉक स्तर पर भी मुख्यमंत्री से वर्चुअली जुड़ने की व्यवस्था की गई है।
वसंत पंचमी पर विशेष कार्यक्रम: सरस्वती वंदना और कृष्ण भोग
मेगा पीटीएम के दिन, वसंत पंचमी के अवसर पर राज्य के सभी राजकीय विद्यालयों में सरस्वती वंदना का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कृष्ण भोग का आयोजन भी होगा। यह पहल विद्यार्थियों को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ विद्यालयों में सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक वातावरण को सुदृढ़ करेगी।
निपुण मेला और निपुण राजस्थान: बुनियादी शिक्षा को मजबूती
प्रदेश के सभी पीईईओ और यूसीईओ विद्यालयों में निपुण मेले का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों के लिए निपुण राजस्थान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बच्चों की पठन, लेखन और गणना क्षमता को गतिविधियों और प्रदर्शनों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। अभिभावक अपने बच्चों की सीखने की प्रगति को प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे।
युवाओं के लिए नई पहल
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का मानना है कि युवाओं के परिश्रम को सही दिशा देने से ही प्रदेश और देश का विकास संभव है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने 1 लाख भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। इसके अलावा नई युवा नीति और रोजगार नीति के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, स्वरोजगार और उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवा भी लाभान्वित होंगे।
उच्चस्तरीय समन्वय बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा संकुल सभागार में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने की। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, आरएसएलडीसी, नगर निगम, राजस्थान पुलिस, रोडवेज, चिकित्सा एवं जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।















































