लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलश यात्रा से लेकर झांकियों तक, उमड़ा आस्था का सैलाब
राजसमन्द | रिपोर्ट – गौतम शर्मा
राजसमन्द | राजसमन्द जिले के मुरडा गांव में आज झडोल आवरीमाता मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज के सान्निध्य में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में दूर-दराज़ के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरे गांव और आसपास के इलाके में आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव में गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान बच्चों द्वारा प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण सहित राम परिवार की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
ग्रामीणों ने मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान “जय श्री राम” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
विराट हिन्दू सम्मेलन में झोर, गोवलिया, देवली, गलवा, बुद्धपुरा, उलपुरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। सम्मेलन के माध्यम से हिन्दू एकता, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया, जिससे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संचार हुआ।


















































