लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर(योगेश ऋषिका)। वीर हनुमान की अखंड भक्ति, राम नाम की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से शीघ्र ही सीकर की पावन धरा आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित होने जा रही है। शेखावाटी अंचल में पहली बार दो दिवसीय सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ महायज्ञ का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है, जो सनातन संस्कृति, श्रद्धा और साधना का अनुपम संगम बनेगा।
यह दिव्य महायज्ञ बोलता बालाजी धाम मंदिर के महंत सुनील तिवाड़ी के संरक्षण में, पंडित अश्वनी मिश्रा और पंडित मधुसूदन आसोपा के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन में 511 विद्वान वैदिक ब्राह्मणों द्वारा एक साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा, जिससे वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो उठेगा। इस पुण्य अनुष्ठान में 511 यजमान धर्मलाभ अर्जित करेंगे।
आयोजन समिति के सुशील माटोलिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि महायज्ञ 24 एवं 25 जनवरी 2026 को बोलता बालाजी धाम, माधव सागर तालाब, मारू पार्क, सीकर में आयोजित किया जाएगा।
-
24 जनवरी: प्रातः 9 बजे विधिवत पूजन-अर्चन और अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात संपूर्ण विश्व कल्याण, राष्ट्र शांति और जन-जन के मंगल की कामना के साथ सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का महा-संकल्प लिया जाएगा।
-
25 जनवरी: प्रातः पूजन और पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात सायंकाल 5 बजे 1100 दीपों से महाआरती, इसके बाद महाप्रसाद भंडारा और रात्रिकालीन भजन-जागरण आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर महायज्ञ के भव्य प्रचार-प्रसार पोस्टर का विमोचन भी किया गया। प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के सदस्य अनुभव जैन, अमित चिरानिया, मुकेश खडोलिया, रतन अग्रवाल, दयाल सिंह शेखावत, प्रकाश सिंधी, महेंद्र मोदी, संजय कुमावत, संजीव केजरीवाल, मनोज पंसारी, संजय शर्मा, प्रदीप मोदी, स्वदेश शर्मा, ज्योति तनवानी, संतोष खण्डेलवाल सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक और समिति कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह महायज्ञ शेखावाटी क्षेत्र में हनुमान भक्ति और राम भक्ति की अमृतमयी धारा को प्रवाहित करने वाला एक ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है।













































