लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और झाबर सिंह खर्रा ने दिखाई हरी झंडी
स्थानीय लोगों ने रेलवे अधिकारियों का किया सम्मान
पाली । यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जोधपुर–बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 16534/16533) का रानी स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव शुरू किया है। मंगलवार से यह रेलगाड़ी रानी रेलवे स्टेशन पर ठहरेगी, जबकि अन्य स्टेशनों पर आगमन एवं प्रस्थान समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस अवसर पर पाली जिला प्रभारी एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा और पशुपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जोधपुर के लिए रवाना किया। ट्रेन संख्या 16534 मंगलवार को सुबह 10:54 बजे रानी स्टेशन पर पहुंची और 10:56 बजे रवाना हुई। वहीं, ट्रेन संख्या 16533 14 जनवरी से रानी स्टेशन पर सुबह 8:42 बजे आएगी और 8:44 बजे प्रस्थान करेगी। रानी स्टेशन से ट्रेन के लिए रिजर्वेशन भी प्रारंभ कर दिया गया है।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने रेल मंत्री का जताया आभार
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने रानी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव के लिए रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 65 वर्षों में जो विकास नहीं हुआ, वह अब साकार हुआ है।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने प्रवासियों को सुविधा बताया
मंत्री कुमावत ने कहा कि इस ठहराव से दक्षिण भारत में रहने वाले राजस्थान के प्रवासियों के आवागमन में आसानी होगी। उन्होंने यह सुविधा रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव और पाली सांसद पी.पी. चौधरी को समर्पित की। उन्होंने कहा कि रानी स्टेशन पर ठहराव क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देगा।
कार्यक्रम में मौजूद रहे
इस अवसर पर रानी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी, लोको पायलट और रेलवे अधिकारियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में पाली जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी, रानी मंडल अध्यक्ष हरीश गहलोत, भाजपा बिजोवा मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह राजपुरोहित, खौड़ मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह राठौड़, रानी नगरपालिका उपाध्यक्ष डालचंद मेवाड़ा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष घीसू लाल चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जयंतीलाल वैष्णव, जिला प्रकोष्ठ प्रभारी जयवर्धन रांकावत, सीनियर डीसीएम अजमेर कैप्टन मिहिर देव, एसडीएम शिवा जोशी सहित भाजपा पार्षद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।















































