लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर (विजय कपूर)। जयपुर रोड स्थित कच्ची बस्ती में हरि प्यारी सेवा समिति और महावीर इंटरनेशनल गंगाशहर के संयुक्त तत्वाधान में महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महावीर इंटरनेशनल के सचिव वीर चंद्र कुमार राखेचा और वीर टोडर मल चोपड़ा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को उनके शारीरिक, मानसिक और प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य जटिल और बहुआयामी होता है और यह कई कारकों से प्रभावित होता है। किशोरावस्था से लेकर रजोनिवृत्ति तक महिलाओं को मासिक धर्म की अनियमितता, गर्भावस्था से संबंधित समस्याएं और पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अशुद्ध खान-पान और स्वच्छता की कमी महिलाओं में होने वाली अधिकांश बीमारियों का मुख्य कारण हैं।
प्रिया भार्गव ने महिलाओं को सेनेटरी पैड के उपयोग और इसके फायदों के बारे में जानकारी दी। समिति अध्यक्ष विजय कपूर और एडवोकेट कन्हैया लाल बोथरा ने बताया कि संतुलित आहार, आयरन-फोलिक एसिड की खुराक और नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से एनीमिया जैसी समस्याओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है। इसके तहत संस्थान द्वारा भविष्य में निःशुल्क जाँच शिविर भी लगाए जाएंगे।
सभी उपस्थित महिलाओं को संस्थान की ओर से सैनिटरी नैपकिन, स्वेटर और मूंगफली वितरित की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में ओम प्रकाश कपूर, नेहा, पूजा मोदी और दीपिका की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।















































