लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर और पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी की अध्यक्षता में शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री दिलावर ने कहा कि स्वच्छता राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को फरवरी माह के अंत तक सभी जिलों को साफ-सुथरा बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति, प्रत्येक ग्राम पंचायत में दैनिक सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सफाई निरीक्षण रिपोर्ट नियमित रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए।
दिलावर ने पॉलीथिन मुक्त अभियान भी चलाने के आदेश दिए। इसके अंतर्गत पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सफाई कर्मचारी का नाम और फोन नंबर सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन आसानी से संपर्क कर सकें। इसके अलावा, स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा, और लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डॉ. जोगाराम, शासन सचिव और आयुक्त पंचायती राज विभाग, सलोनी खेमका, निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













































