लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को राजस्व मंत्री हेमंत मीणा तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा द्वारा कार्यकर्ता सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे और अपनी समस्याएं व विभिन्न प्रकरण मंत्रियों के समक्ष रखे।
कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि “भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का हर कार्य हो”—इसी संकल्प के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ता सुनवाई की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को आयोजित सुनवाई में कुल 58 प्रकरण सामने आए, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान संगठन की ओर से महामंत्री मिथिलेश गौतम एवं प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
हेमंत मीणा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकार और संगठन जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। संगठन और सत्ता के बेहतर समन्वय से कार्यकर्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो रहा है, जिससे प्रदेश में सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ है।
वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सुनवाई से विकास कार्यों को गति मिलती है और कार्यकर्ताओं में गौरव एवं आत्मविश्वास की भावना बढ़ती है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय के साथ-साथ सभी मंत्रियों के आवास पर भी नियमित रूप से जनसुनवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह कार्यशैली उसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाती है। जब मंत्री और संगठन के पदाधिकारी मिलकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनते हैं, तो उसका सकारात्मक संदेश आमजन तक पहुंचता है और जनहित के कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न होते हैं।










































