लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
145 से अधिक प्रतिभाओं को किया गया अभिनंदन
पीसांगन, अजमेर। (स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी) – रावणा राजपूत विकास समिति द्वारा आयोजित शिक्षार्थी सम्मान समारोह 2025 में शिक्षा, खेल और तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 145 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह पीसांगन उपखंड क्षेत्र के गोला में 10 गांवों के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपालसिंह चौहान ने की, जबकि गोला सरपंच मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में समाज के गणमान्य अतिथियों और प्रबुद्धजनों के साथ बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे, जिसमें मातृ शक्ति की विशेष भागीदारी भी रही।
समारोह की शुरुआत समिति के महामंत्री लालसिंह चौहान ने समिति के उद्देश्यों, अब तक की गतिविधियों और भावी योजनाओं की जानकारी देकर की। संरक्षक मदनसिंह ने शिक्षा को समाज सशक्तिकरण का माध्यम बताते हुए निरंतर ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर 130 से अधिक शैक्षणिक प्रतिभाओं (डिग्री, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण) और 15 खेल प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। मंच संचालन अशोक सिंह रावाणिया और योगेंद्र सिंह चावड़ा ने किया।
समारोह की व्यवस्थाओं में रावणा राजपूत समाज गोला गांव का विशेष योगदान रहा। पांडाल और भोजन व्यवस्था समाज की ओर से की गई, जबकि पुरस्कार वितरण की जिम्मेदारी संयोजक कल्याणसिंह के नेतृत्व में दौलतसिंह, कमलसिंह और सांवरसिंह की टीम ने संभाली। स्थानीय कार्यकर्ता कानसिंह, अमरसिंह, सरदारसिंह, किशनसिंह, शायरसिंह, बजरंगसिंह समेत सभी समाजबंधुओं के सहयोग से यह आयोजन सफल रहा।
समारोह के अंत में संयोजक कल्याणसिंह ने सभी अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।



















































