लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए की प्रार्थना
अजमेर। किशनगढ़ स्थित हनुमान वाटिका में आयोजित शिव शक्ति ब्रह्मास्त्र महाविद्या माँ बगलामुखी अनुष्ठान के पावन अवसर पर राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। मंत्री रावत ने विधि-विधान से संपन्न हो रहे अनुष्ठान में सम्मिलित होकर माँ बगलामुखी की आराधना की और प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
अनुष्ठान के दौरान आचार्य पंडित राजकुमार शर्मा से मंत्री सुरेश सिंह रावत ने आशीर्वचन प्राप्त किए। पंडित शर्मा ने मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि से अनुष्ठान संपन्न कराते हुए मंत्री रावत को धर्म, सेवा और लोककल्याण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर मंत्री रावत ने कहा कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक संस्कार समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि सामाजिक समरसता एवं नैतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ता मिलती है। उन्होंने आयोजनकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि माँ बगलामुखी की उपासना से आत्मबल, विवेक और राष्ट्र-सेवा की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भक्ति भाव से अनुष्ठान में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।













































