लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ड्रोन सर्वे और पिलर्स से जांची लीज की वैधता
डीग : जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने और वैध खनन को नियमोचित दायरे में रखने के लिए शुक्रवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री उत्सव कौशल और जिला पुलिस अधीक्षक श्री ओम प्रकाश मीना ने संयुक्त रूप से नांगल माइनिंग जोन का औचक निरीक्षण किया।
ड्रोन सर्वे और सीमांकन का तकनीकी मुआयना
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए माइनिंग जोन में चल रहे ड्रोन सर्वे का मुआयना किया। जिला कलेक्टर ने खनि अभियंता को निर्देश दिए कि ड्रोन सर्वे के डेटा को आवंटित पिलर्स (सीमा चिन्हों) से मिलाकर जांचा जाए। उन्होंने स्वयं पिलर्स का अवलोकन कर यह सुनिश्चित किया कि खनन कार्य केवल आवंटित क्षेत्र के भीतर ही हो रहा है।
दो संदिग्ध डंपरों को किया ‘निरुद्ध’
निरीक्षण के दौरान दो संदिग्ध डंपर दिखाई दिए। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को निरुद्ध कर परिवहन विभाग के सुपुर्द किया। यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि नियमों की अवहेलना करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
क्रशर बंद, प्रशासन का सख्त संदेश
निरीक्षण के दौरान जोन में संचालित स्टोन क्रशर बंद पाए गए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रशर का संचालन पर्यावरण और खनन विभाग के मानकों के अनुरूप ही हो।
मौके पर मौजूद अधिकारी
औचक निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी पहाड़ी मुकुल दीक्षित, खनि अभियंता के.सी. गोयल, तहसीलदार पहाड़ी, पुलिस उपाधीक्षक पहाड़ी सहित राजस्व, पुलिस और खनन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













































