लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर, रूपनारायण सांवरिया |
जयपुर। वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदर्शनी में सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों — साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह — के अद्वितीय बलिदान, त्याग और शहादत को प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संयुक्त रूप से किया। मुख्यमंत्री ने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि साहिबजादों का बलिदान राष्ट्रप्रेम, धर्मरक्षा और मानव मूल्यों की अमर मिसाल है। उन्होंने विशेष रूप से छोटे साहिबजादों की शहादत और माता गुजरी जी के त्याग एवं साहस को याद किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह घोषणा की कि साहिबजादों की गौरव गाथा को प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी साहिबजादों के बलिदान, इतिहास और गौरवगाथाओं से परिचित हो सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में हिंदू–सिख एकता और राष्ट्रप्रेम पर जोर देते हुए कहा कि साहिबजादों की शहादत युवा पीढ़ी को यह संदेश देती है कि धर्मरक्षा और राष्ट्रसेवा उम्र की मोहताज नहीं होती। उन्होंने सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक सरदार सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, जयपुर जिला भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजयपाल सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष जसवीर सिंह, कार्यक्रम संयोजक आशीष चोपड़ा, सहसंयोजक ऋषिकेश मीणा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन सहसंयोजक प्रीति शर्मा ने किया।
इस प्रदर्शनी ने साहिबजादों के अदम्य साहस और बलिदान को जीवंत रूप में पेश करते हुए आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनने का काम किया।













































