लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर (बृजकिशोर पारीक)। राजस्थान ब्राह्मण सेवा परिषद (गौ व समाज सेवा प्रकोष्ठ) द्वारा विश्व महिला दिवस के अवसर पर चौपासनी रोड स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय में आयोजित ‘श्री परशुराम रत्न सीजन-7 गुरु गोविंद रत्न 2026’ समारोह में युवा समाजसेविका कशिश को उनकी उल्लेखनीय एवं निस्वार्थ सेवाओं के लिए ‘गुरु गोविंद रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह का विवरण
कार्यक्रम में परिषद के प्रदेश संरक्षक पंडित विजय दत्त पुरोहित, प्रकोष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट संजीव व्यास और एडवोकेट सुनील ओझा ने कशिश को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कशिश द्वारा समाज सेवा, गौ सेवा, रक्तदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की विशेष सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा ऐसे सेवाभावी व्यक्तित्व से मिलती है।
कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मनमीत सोलंकी, साध्वी इंदु राठौड़, रणजीत जोशी (एडवोकेट एसोसिएशन अध्यक्ष) और महेश श्रीमाली सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित ओम श्री राम द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम के अंत में एडवोकेट संजीव व्यास और एडवोकेट सुनील ओझा ने कशिश के सेवाभावी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वे आगे भी समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रहेंगी।
