लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
49 टीमों के 550 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
गंगधार, झालावाड़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोझाना, ब्लॉक डग में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। 23 से 26 सितंबर तक चली प्रतियोगिता में 17 वर्ष छात्र वर्ग की 22 और 19 वर्ष छात्र वर्ग की 27 टीमों सहित कुल 49 टीमों के करीब 550 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के 17 वर्ष छात्र वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उन्हेल नागेश्वर ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धनवाड़ा उपविजेता और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीलवाड़ी तृतीय स्थान पर रहा।
वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग में भी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उन्हेल नागेश्वर विजेता रहा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगधार ने उपविजेता तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीलवाड़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एवं प्रतियोगिता संरक्षक जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र गहलोत रहे। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं प्रतियोगिता संरक्षक राजेंद्र कुमार जैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में प्रतियोगिता पर्यवेक्षक लालचंद सोनी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी बालचंद शास्त्री, भामाशाह गोविंद सिंह, कृपाल सिंह, धारा सिंह, शक्तिमान, प्रशासक पिरू सिंह, देवी सिंह तथा भरत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को बधाई दी तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में निर्णायक मंडल, शारीरिक शिक्षक, दल प्रभारी, आयोजन समिति, विद्यालय स्टाफ, स्वयंसेवी विद्यार्थी, भामाशाह और स्थानीय नागरिकों ने सहयोग दिया। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य महावीर प्रसाद मीणा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
