लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला में खाद लेने किसानों व महिलाओं की लंबी कतारें
चौमहला (झालावाड़)।
गंगधार उपखंड क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी कमी के कारण किसानों में गहरी नाराज़गी देखने को मिल रही है। खाद की आवक की सूचना मिलते ही सुबह 7 बजे से ही किसानों और महिलाओं ने चौमहला स्थित खाद विक्रेताओं की बंद दुकानों के सामने लंबी कतारें लगा दीं।
कृषि विभाग ने पहले ही लाइसेंसी विक्रेताओं को निर्देश जारी किए थे कि खाद वितरण विभागीय निगरानी में ही किया जाए। सहायक कृषि अधिकारी विशाल जैन ने बताया कि आज चौमहला में तीन ट्रक यूरिया पहुंचा, जिसे कृषि अधिकारियों की देखरेख में गंगधार क्रय-विक्रय समिति सहित तीन स्थानों पर वितरित किया गया।
प्रत्येक किसान को आधार कार्ड के आधार पर दो बैग यूरिया उपलब्ध करवाया गया।
गंगधार क्रय-विक्रय समिति के व्यवस्थापक सुरेश खमौरा ने बताया कि कुल 1650 कट्टे यूरिया आया था, जिसे तीन काउंटरों के माध्यम से वितरण कर दिया गया। 
हालाँकि खाद की भारी मांग के चलते सारे बैग कुछ ही घंटों में खत्म हो गए, जिससे कई किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए।
वर्तमान समय में गेहूं की फसल में नमी प्रबंधन और सिंचाई से पहले यूरिया का उपयोग अत्यंत आवश्यक होता है, ऐसे में कमी ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
खाद लेने के लिए पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी सुबह-सुबह घरेलू काम छोड़कर लाइन में खड़ी रहीं, लेकिन सीमित स्टॉक के कारण कई किसानों को निराशा का सामना करना पड़ा।