लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर ।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान के समापन अवसर पर जयपुर स्थित हरीश चन्द्र तोतूका भवन में ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी अवसर पर चुनाव आयोग के एसआईआर अभियान के तहत वोट चोरी रोकने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम भी हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, डॉ. बी.डी. कल्ला, अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्ष, सांसद व सांसद प्रत्याशी, विधायक व विधायक प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष तथा विधानसभावार समन्वयक उपस्थित रहे।
डोटासरा बोले — भाजपा ‘वोट चोरी’ से सरकार बना रही है
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभर में वोट चोरी कर सरकारों पर काबिज होने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा चुनावों के दौरान चुनाव आयोग की मदद से भाजपा द्वारा की गई वोट चोरी का खुलासा किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बड़े पैमाने पर गरीब, दलित और अल्पसंख्यकों के मताधिकार छीने गए, जो यह साबित करता है कि भाजपा एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के वोट का अधिकार छीन रही है।
डोटासरा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने सभी 52,439 बूथों पर बीएलए नियुक्त कर दिए हैं, जो सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूचियों का मिलान करें और जिन नव मतदाताओं को नाम जोड़ने में दिक्कत आ रही हो, उनकी मदद करें।
अंता उपचुनाव में भाजपा पर दुरुपयोग के आरोप
डोटासरा ने कहा कि हाल ही में हुए अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस कार्यालयों व कार्यकर्ताओं के घरों पर पुलिस भेजकर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे कार्यों के माध्यम से लोकतांत्रिक परंपराओं को ठेस पहुँचा रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इन मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे।
15 लाख से अधिक हस्ताक्षर — दिल्ली में होगी महारैली
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान के तहत प्रदेशभर में 15 लाख से अधिक लोगों ने कांग्रेस के समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं। ये हस्ताक्षर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को सौंपे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवम्बर के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में महारैली आयोजित की जाएगी, जिसमें राजस्थान से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे।
गहलोत, पायलट और जूली ने भी संबोधित किया
बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने भी संबोधित किया।
एसआईआर अभियान पर प्रशिक्षण
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में सभी जिलाध्यक्षों व विधानसभा प्रभारियों ने हस्ताक्षर अभियान के ज्ञापन सौंपे। एसआईआर अभियान के तहत विधानसभा समन्वयकों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी वॉर रूम से आए प्रशिक्षकों द्वारा संचालित था।
कार्यक्रम में सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के समन्वयकों को संबंधित बीएलए सूचियाँ भी वितरित की गईं। डोटासरा ने निर्देश दिया कि तीन दिवस के भीतर सभी समन्वयक अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर प्रशिक्षण से मिली जानकारी बीएलए को दें।