लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
भीलवाड़ा शहर के निराश्रित, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक अशोक कोठारी ने नई कपिला गौ एम्बुलेंस सेवा समर्पित की। यह सेवा शहर में बेसहारा गोवंश के लिए बड़ी राहत साबित होगी, जिन्हें अक्सर समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
विधायक कोठारी ने स्वयं गौ रथ एम्बुलेंस को चलाकर इसका विधिवत शुभारंभ किया और इसके संचालन की जिम्मेदारी शंकर सालवी को सौंपी। यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस चोटिल या बीमार गायों की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी और प्राथमिक उपचार प्रदान करेगी। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अस्पताल या गौशाला तक ले जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।
कोठारी की यह पहल गोसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो शहर में निराश्रित गोवंश को त्वरित राहत और उपचार सुनिश्चित करेगी।
गौ एम्बुलेंस के शुभारंभ कार्यक्रम में चौकीखेड़ा गंगापुर गौशाला से राजेश रांका, मनफूल चौधरी, शंकर जाट, रामप्रसाद जाट, भेरूलाल पांचाल, आनंद चपलोत, शिक्षाविद विवेक निमावत, मनोज, सत्यनारायण गूगड, एडवोकेट अर्पित कोठारी, सुरभि गौ सेवा समिति के सदस्य तथा कई गणमान्य व्यक्ति और गौभक्त उपस्थित रहे।
