लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (आर.एन. सांवरिया)।
पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने राजस्थान की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दो वर्षों में सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया, बल्कि जनता को केवल निराशा ही मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इन दो सालों में सिर्फ अपनी सुविधा के अनुसार अधिकारियों के तबादले किए और विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया।
खाचरियावास ने कहा कि जिस अधिकारी को बीजेपी सरकार ने कांग्रेस शासन में भ्रष्ट बताया था, आज उसी को राज्य की बागडोर सौंप दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि “जब वही अधिकारी आज सही हो गया, तो पहले गलत कैसे था?”
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ सचिव बदलने से जनता को ना कोई राहत मिली है, ना कोई लाभ।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि—
-
बच्चों को मिलने वाला स्कूल दूध बंद कर दिया गया
-
स्कूल यूनिफॉर्म के पैसे रोक दिए गए
-
35 लाख गरीब परिवारों का राशन बंद कर दिया
-
नकली दवाओं से लोगों की जान खतरे में पड़ी
-
पूरा राजस्थान अव्यवस्था का सामना कर रहा है
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तंज कसते हुए कहा—
“भजनलाल जी, अपनी सांठगांठ छोड़िए और राजस्थान की जनता पर ध्यान दीजिए।”
कांग्रेस नेता का कहना है कि जनता सरकार को खोज रही है क्योंकि दो साल में विकास से जुड़े किसी भी मोर्चे पर सरकार विफल रही है।
