लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में कायम की मिसाल: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर में प्रत्याशियों के समर्थन में किया जनसंपर्क और रोड शो, बोले- जनता ने विकास के लिए ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का मन बनाया
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में हो रहे निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बड़े बहुमत के साथ जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता विकास के लिए ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ बनाने का मन बना चुकी है और भाजपा के कार्यकर्ता पूरी मजबूती से चुनाव अभियान में जुटे हुए हैं।
मदन राठौड़ ने सोमवार को जयपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
योग्य कार्यकर्ता भाजपा की पूंजी: राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के पास योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। वर्षों से संगठन ने कार्यकर्ताओं को तैयार किया है और यही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता योग्य है, लेकिन टिकट एक ही कार्यकर्ता को दिया जा सकता है। टिकट नहीं मिलने के कारण कहीं नाराजगी या विरोध की स्थिति है तो संगठन स्तर पर बातचीत के जरिए उसे दूर किया जा रहा है।
राठौड़ ने कहा कि जनता विकास चाहती है और विकास के लिए केंद्र, राज्य तथा स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। केंद्र से राजस्थान और राजस्थान सरकार से स्थानीय निकायों को पूरा सहयोग मिलने पर विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।
‘मामा रो ब्याह…’ कहकर समझाया ट्रिपल इंजन सरकार का महत्व
मदन राठौड़ ने राजस्थानी कहावत का उल्लेख करते हुए कहा, “मामा रो ब्याह होवे और मां परोसण वाली होवे तो कमी काई की।”
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार, प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार और स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा संसाधनों की कमी नहीं रहेगी।
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर भी राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रदर्शनों से जनता स्तब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को तोड़ने की बात करने वालों और राजस्थान की गौरवशाली परंपराओं एवं जौहर जैसी ऐतिहासिक विरासत को बदनाम करने वालों को सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने ऐसे मामलों में समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कड़ा संदेश देने की बात कही।
‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ को सफल बनाने का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षा ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ की पहल की है और इसे सफल बनाने के लिए पूरी पार्टी एकजुट होकर काम कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में एक साथ चुनाव कराने की व्यवस्था सफल होती है तो दूसरे प्रदेश भी इससे प्रेरणा लेकर इसे लागू कर सकते हैं। उनके अनुसार स्थानीय निकाय, पंचायत और सहकारिता क्षेत्र के चुनाव एक साथ कराने से बार-बार होने वाली चुनावी प्रक्रिया में लगने वाला समय बचेगा और सरकार तथा जनप्रतिनिधि अधिक समय विकास कार्यों पर केंद्रित कर सकेंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में काफी समय चुनावी गतिविधियों में निकल गया। भाजपा की सोच है कि चुनाव सीमित अवधि में पूरे हों और उसके बाद सरकार तथा संगठन पूरी ताकत से विकास और जनकल्याण के काम में जुटें।
संगठन विरोधी गतिविधियों पर सख्ती का संदेश
मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी के खिलाफ काम करने वालों और संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के अनुशासन के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
जयपुर में रोड शो की तैयारियों को लेकर बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में जयपुर शहर के विधायकों के साथ बैठक कर प्रस्तावित रोड शो की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जयपुर शहर के विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया।
उन्होंने वार्ड 110 से भाजपा प्रत्याशी ज्योति खंडेलवाल, वार्ड 111 से संजय जायसवाल और वार्ड 108 से मीनाक्षी पारीक के समर्थन में क्षेत्रवासियों से संवाद कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
झोटवाड़ा में भी किया रोड शो
शाम को झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 35 में भाजपा प्रत्याशी विमल कटियार के समर्थन में रोड शो आयोजित किया गया। रोड शो धावास रोड स्थित यादव मैरिज गार्डन से शुरू होकर रजनी विहार, जगदंबा नगर ए, बी, सी, जगदीशपुरी और निर्बाक मंदिर क्षेत्र तक पहुंचा।
इस दौरान झोटवाड़ा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित भाजपा के अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद मदन राठौड़ ने देर शाम वार्ड 137 में भाजपा प्रत्याशी विमल अग्रवाल के समर्थन में भी प्रचार-प्रसार किया और आमजन से भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
राठौड़ ने कहा कि जनता का उत्साह, कार्यकर्ताओं का जोश और भाजपा को मिल रहा समर्थन निकाय चुनाव में पार्टी की जीत का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में हैं और जनता के आशीर्वाद से पार्टी निकायों में बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
















































