लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर संगठन को करें मजबूत, हर गांव-ढाणी तक बढ़ाएं जनसंपर्क
कोटा । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस संकल्प और संगठनात्मक शक्ति के साथ कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनावों में भाजपा को जीत दिलाई है, उसी ऊर्जा और समर्पण के साथ पंचायत चुनाव भी लड़ें और पार्टी को विजयी बनाएं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को कोटा के एलन सभागार में आयोजित कोटा-बूंदी कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत हो या पार्लियामेंट चुनाव, भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, सेवा और समर्पण के बल पर भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
‘चुनाव नेता नहीं, बूथ कार्यकर्ता जीतता है’
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव नेता नहीं, बल्कि बूथ का कार्यकर्ता जीतता है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली सफलता कार्यकर्ताओं के सेवा, संकल्प और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 309 नगर निकायों में से 204 में बोर्ड बनाए हैं। कोटा जिले के छह निकायों में से पांच में भाजपा तथा इटावा में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिणाम कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास को दर्शाता है।
पदभार व्यवस्था, कार्यभार जीवनभर की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से कहा कि भाजपा में पदभार एक व्यवस्था है, जबकि कार्यभार जीवनभर की जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधि अपने नए दायित्व को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निभाएं तथा जनता की सेवा को प्राथमिकता दें। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन सेवा से राष्ट्र सेवा के संकल्प को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
गांव-ढाणी तक पहुंचने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से पंचायती राज चुनावों की तैयारियों में जुटने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, हर गांव और ढाणी तक सघन जनसंपर्क करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता नए मतदाताओं और मातृशक्ति से संवाद स्थापित करें तथा सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की योजनाओं और संगठन के संदेश को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।