लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल ने जयपुर में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कोटपूतली में उच्च शिक्षा, परिवहन सुविधाओं और आधारभूत विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए।
विधायक हंसराज पटेल ने क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा से संबंधित आवश्यकताओं और नई सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोटपूतली क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
बैठक में क्षेत्र की परिवहन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने, आमजन की सुविधाओं में विस्तार करने तथा विकास कार्यों को गति देने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों और मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक हंसराज पटेल ने कहा कि कोटपूतली क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र में शिक्षा, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी, जिससे आमजन को सीधा लाभ पहुंचेगा।















































