लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उनियारा कस्बे में गुरुवार रात सरदार सिंह सर्किल के पास पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में कैंटीन संचालक अजय कुमार गुप्ता के साथ लूट का प्रयास और मारपीट का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार अजय गुप्ता दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी एनफील्ड बाइक पर आए दो लोगों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बड़े भाई प्रदीप गुप्ता पर आरोपियों ने बंदूक की बट से सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग भी की। 
घटना के बाद आरोपियों ने मौके से भागने के दौरान सवाई माधोपुर मार्ग स्थित एक कैफे में शरण ली, जहां से बाद में वे फरार हो गए। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और थाने का घेराव भी किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने बताया कि मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मौके से एनफील्ड बाइक भी जब्त की है और आरोपियों की तलाश में टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
शुक्रवार सुबह व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप गुप्ता सहित सैकड़ों व्यापारियों ने उपखंड अधिकारी पूजा मीणा को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक का नाम पूर्व में भी लूट के एक मामले से जुड़ा रहा है। पुलिस ने कहा है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।