लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उनियारा कृषि मंडी हॉल में भारतीय किसान संघ टोंक जिला शाखा द्वारा जैविक एवं औषधीय खेती पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
औषधीय खेती की तकनीकी जानकारी दी गई
कार्यशाला के दौरान किसानों ने उनियारा के समीप स्थित गुरुकृपा ऑर्गेनिक हर्बल फार्म का भ्रमण किया, जहां उन्हें स्टेविया, सतावर, सर्पगंधा, अश्वगंधा, ईरानी अकरकरा, मोरिंगा सहित विभिन्न औषधीय फसलों की जानकारी फार्म निदेशक मोहन नागर द्वारा दी गई।
मोहन नागर ने किसानों को औषधीय खेती को व्यावसायिक रूप से अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे किसानों को आय, सम्मान और पहचान तीनों मिल सकते हैं।
फसल बीमा और मंडी व्यवस्था पर चर्चा
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष रमेश चंद चौधरी ने किसानों को आपदा प्रबंधन और फसल बीमा योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही मंडी में सरसों की तुलाई की जांच करते हुए अधिक वजन न लेने की मंडी सचिव को हिदायत दी।
विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के जयपुर प्रांत प्रभारी पोखर चौधरी, जयपुर प्रांत प्रतिनिधि रामस्वरूप धाकड़, जिला मंत्री विजय कुमार ताखर सहित कई पदाधिकारियों ने किसानों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित
कार्यशाला में लगभग 50 किसानों ने भाग लेकर आधुनिक और जैविक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।