Home latest नवरात्रि से पहले विहिप ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग 

नवरात्रि से पहले विहिप ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

धौलपुर में माता के पंडालों और गरबा-डांडिया आयोजनों में सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और पहचान सत्यापन पर जोर

धौलपुर। आगामी नवरात्रि और धार्मिक आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। विहिप के जिला अध्यक्ष गंभीर सिंह परमार के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर माता के पंडालों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की।

संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

जिला अध्यक्ष गंभीर सिंह परमार ने कहा कि जिले में नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में प्रवेश व्यवस्था और पहचान सत्यापन के उचित इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखने की मांग भी की। परमार ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रशासन का सहयोग करेंगे।

धार्मिक स्थलों के आसपास बिक्री पर नियंत्रण की अपील

विहिप के जिला सहमंत्री मनोज सोनी ने बताया कि जयपुर प्रांत अध्यक्ष सुभद्र पापड़ीवाल के निर्देशानुसार प्रशासन को ज्ञापन दिया गया है। इसमें धार्मिक स्थलों और आयोजन स्थलों के आसपास मांस एवं मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने की मांग की गई है।

आयोजनों की प्रकृति पर निगरानी रखने की मांग

विहिप पदाधिकारी राम शर्मा ने कहा कि नवरात्रि कार्यक्रमों में अश्लीलता और फूहड़ता को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर प्रशासन निगरानी रखे। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थापित माता के पंडालों की सुरक्षा मजबूत करने की आवश्यकता जताई, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक आयोजन कर सकें।

वहीं, बजरंग दल के जिला संयोजक नरेश कुमार ने पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संवेदनशील परिस्थिति या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

विहिप पदाधिकारियों ने प्रशासन से नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जिले में सभी धार्मिक आयोजनों के लिए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version