Home latest राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर मुख्यमंत्री ने सुनीं शिकायतें 

राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर मुख्यमंत्री ने सुनीं शिकायतें 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सीएम भजनलाल शर्मा ने परिवादियों से वीडियो कॉल पर किया संवाद, अधिकारियों को तत्काल समाधान और जवाबदेही तय करने के दिए निर्देश

जयपुर। आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से सीधे परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसका असर भी सामने आया और गंगापुरसिटी में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की शिकायत का कुछ ही घंटों में समाधान कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रत्येक नागरिक को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 को आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का प्रभावी माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समय पर समाधान ही सुशासन का आधार है।

परिवादियों से सीधे संवाद, मौके पर दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगापुरसिटी के परिवादी विकास कुमार से फोन पर बातचीत कर उनके क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की समस्या सुनी। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। स्थानीय प्रशासन ने कुछ घंटों के भीतर पाइपलाइन दुरुस्त कर दी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री वीडियो कॉल के जरिए झालावाड़ के परिवादी अनीष और सवाईमाधोपुर के परिवादी रिंकू कुमार से भी रूबरू हुए। संबंधित विभागों के अधिकारी भी इस दौरान वीडियो कॉल पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिकायतों की जानकारी लेकर अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परिवादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना और समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना जरूरी है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

‘संपर्क GPT’ से शिकायतों के मूल कारणों की पहचान

मुख्यमंत्री ने नेक्स्ट जनरेशन राजस्थान संपर्क व्यवस्था की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘संपर्क GPT’ की कार्यप्रणाली और शिकायतों के विश्लेषण की क्षमता की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीक आधारित विश्लेषण के जरिए यह पता लगाया जाए कि किन समस्याओं को लेकर लोग बार-बार शिकायत कर रहे हैं। संबंधित विभाग इन शिकायतों के मूल कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान की दिशा में काम करें, ताकि समस्या का निस्तारण होने के बाद उसकी पुनरावृत्ति भी रोकी जा सके।

रात में मिलने वाली शिकायतों को आपात स्थिति मानें

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात्रि के समय राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को आपात स्थिति मानते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर तत्काल समाधान की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने परिवेदनाओं की विभागवार प्रभावी मॉनिटरिंग करने और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही होने पर जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें कार्रवाई की प्रगति और समाधान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।

हेल्पलाइन की गुणवत्ता और कर्मचारियों के प्रदर्शन की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्वालिटी परफॉर्मेंस डैशबोर्ड, हेल्पलाइन सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीकरण, फॉलोअप और मॉनिटरिंग व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को हेल्पलाइन पर कार्यरत कर्मचारियों से समय-समय पर फीडबैक लेने और अच्छा काम करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में तेजी के साथ उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

राज्य सरकार का लक्ष्य राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 के माध्यम से आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version