लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चारभुजा नाथ मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजारों से होते हुए शिव मंदिर पहुंची रथयात्रा, महाआरती व प्रसादी वितरण के साथ हुआ समापन
उनियारा | दुर्योधन मयंक
उनियारा कस्बे में गुरुवार को ओडिशा के पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ गढ़ रोड स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर से विशेष पूजा-अर्चना के बाद किया गया।
मंदिर विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश बढ़ाया ने बताया कि रथयात्रा शुरू होने से पहले भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान की प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर यात्रा रवाना की गई।
रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए नृत्य और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे।
मुख्य बाजारों से होकर निकली रथयात्रा
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा चारभुजा नाथ मंदिर से रवाना होकर कटला गेट, मुख्य बाजार, न्यू मार्केट और सरदार सिंह सर्किल होते हुए नैनवा रोड स्थित शिव मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया।
महाआरती और प्रसादी के साथ हुआ समापन
शिव मंदिर पहुंचने पर रथयात्रा ने कुछ समय के लिए विश्राम किया, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। इसके बाद रथयात्रा पुनः मुख्य मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से भगवान की महाआरती की गई। आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर रमेश बढ़ाया, संदीप गुप्ता, बालकिशन शर्मा, जगदीश साहू, शंकरलाल ठाडा, रविशंकर शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।



















































