लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। उल्लास नव भारत साक्षरता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पादूकलां क्षेत्र में बुधवार को साक्षरता जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अभियान का शुभारंभ रियांबड़ी सीबीईओ प्रहलाद राम तानाण ने किया।
प्रचार रथ गांव-गांव पहुंचकर निरक्षर और अल्पसाक्षर लोगों को साक्षर बनने के लिए प्रेरित करेगा। इसके माध्यम से वयस्क साक्षरता, सतत शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और शिक्षा के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा।
सीबीईओ प्रहलाद राम तानाण ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना–लिखना ही नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अभियान के तहत स्वयंसेवकों की मदद से निरक्षर व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में रियांबड़ी ब्लॉक समन्वयक देवेंद्र चौधरी, अंबालाल टाडा, गजेंद्र गटियाला, रामकिशोर सेव लिया, ओमप्रकाश, किशनाराम बेड़ा, मदनलाल, संजीव कुमार, मुकेश बेड़ा, साबीर, महावीर रुणवाल सहित शिक्षा विभाग के अन्य कार्मिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।