लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन ने शुक्रवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर आयोजित ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे।
नितिन नवीन ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है। हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने आसपास हमेशा स्वच्छता बनाए रखेंगे और जितना संभव हो, श्रमदान करेंगे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने केवल राजनीतिक स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं लड़ी, बल्कि समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी काम किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से देशभर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। अब इस जागरूकता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन, मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पौधारोपण भी किया। इसके बाद तीनों नेताओं ने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्वच्छता मित्रों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया और उनसे बातचीत की गई।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह एवं एकता अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, डॉ. अलका गुर्जर, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य और मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।