लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित ठेला संचालकों और फुटपाथ विक्रेताओं के रोजगार की बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय सर्वधर्म महासभा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर जवाहर चौधरी को ज्ञापन देकर निष्पक्ष कार्रवाई और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की मांग की।
महासभा ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के सभी पर समान रूप से होनी चाहिए। ज्ञापन में बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमणों पर भी समान कार्रवाई की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि जिन ठेला संचालकों का रोजगार प्रभावित हुआ है, उन्हें नियमानुसार पूर्व स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए या वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो। साथ ही शहर के प्रमुख क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर जवाहर चौधरी ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित बिंदुओं पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान महासभा के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष टिकम चंद परिहार, प्रदेश अध्यक्ष अभिलेश वडेरा, जिला अध्यक्ष रशीद खान, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरदीप सिंह सलूजा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोहर सिंह खींची, मनोज संचेती, प्रदेश कोषाध्यक्ष धीरेंद्र श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीषा राठौड़, राजेंद्र राजपुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक गेहलोत, सचिव हेमंत मौर्या, राष्ट्रीय महासचिव कविता श्रीवास्तव, ठेला संचालक अध्यक्ष ओम सिंह भयाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, ठेला संचालक और फुटपाथ विक्रेता मौजूद रहे।
