लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। भारत विकास परिषद का 64वां स्थापना दिवस शुक्रवार को जयपुर के राजा पार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि संस्कारवान समाज ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और परिषद सेवा, संस्कार व सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर ‘मैं वीर सावरकर अंश मात्र’ नाटक की प्रस्तुति भी दी गई।
देवनानी ने कहा कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता चिंताजनक है और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने परिवारों से प्रतिदिन एक समय साथ बैठकर भोजन करने, संवाद बढ़ाने और घर-घर में रामायण अध्ययन को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में संस्कारवान युवा, सशक्त समाज और सेवा भाव से जुड़े संगठनों की अहम भूमिका होगी। भारत विकास परिषद इस दिशा में प्रभावी योगदान दे रही है।
समारोह में विक्रांत खंडेलवाल, डॉ. श्याम सुंदर अग्रवाल, राजीव शरण सक्सैना, नील माधव, विजय पारीक, रणवीर सिंह त्यागी सहित परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में परिषद की सेवा गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को भी रेखांकित किया गया।