लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
CCTV में कैद दर्दनाक हादसा:
सिरोही। सिरोही जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह दुर्घटना ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर पालड़ीएम थाना क्षेत्र के अरठवाड़ा कट के पास हुई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही बाइक सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन और ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भीलवाड़ा निवासी 30 वर्षीय मदन सिंह रावत के रूप में हुई है, जो पिंडवाड़ा में रहकर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह किसी जरूरी कार्य से बाइक पर शिवगंज जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने शव को निजी वाहन की सहायता से पालड़ीएम के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।”
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।