Home latest ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

17 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा

नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) नागौर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “OPERATION MULE HUNTER” के तहत ठगी के संगठित गिरोह पर कड़ा प्रहार किया है। यह अभियान रोशन मीना के निर्देशन में चलाया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों के जरिए आमजन से करीब 17 करोड़ रुपये की ठगी की। इस मामले में कुल 28 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

भारी मात्रा में उपकरण जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए कई उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें 59 मोबाइल फोन, 7 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 44 एटीएम कार्ड, 4 बैंक पासबुक, 2 वाई-फाई डोंगल और 1 चेकबुक शामिल हैं।

इस तरह करते थे ठगी

पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी वेबसाइट्स, Telegram और WhatsApp ग्रुप/चैनलों के जरिए लोगों को निवेश और टास्क पूरा करने के नाम पर लालच देते थे। इसके अलावा गेमिंग ऐप्स के माध्यम से भी लोगों को झांसे में लेकर ठगी की जाती थी।

आरोपी भोले-भाले लोगों को फंसाकर उनके बैंक खातों और सिम कार्ड का उपयोग अवैध लेन-देन के लिए करते थे, जिससे बड़ी रकम की ठगी को अंजाम दिया गया।

पुलिस की अपील

नागौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज साझा न करें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या खाते के दुरुपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

साथ ही, नागरिक sp-nag-rj@nic.in पर ईमेल या मोबाइल नंबर 8764521201 पर भी सूचना साझा कर सकते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक हानि का कारण बन सकती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version