तेज अंधड़ से किसान की सोलर यूनिट क्षतिग्रस्त, पेयजल और बिजली व्यवस्था प्रभावित

0
28
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पादूकलां/नागौर (राकेश शर्मा) नागौर जिले के डोडियाना गांव में सोमवार शाम आए तेज अंधड़ और खराब मौसम ने एक गरीब किसान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गेणा की ढाणी स्थित खेत में लगी सोलर यूनिट क्षतिग्रस्त होने से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सोलर सिस्टम खराब होने के कारण खेत की बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।

जानकारी के अनुसार डोडियाना के टेहला रोड स्थित गेणा की ढाणी में किसान सुखराम गेणा के खेत में स्थापित सोलर ऊर्जा प्रणाली तेज आंधी और खराब मौसम की चपेट में आ गई। तेज हवाओं के कारण 13 सोलर प्लेटों में से एक प्लेट पूरी तरह टूट गई, जबकि तीन अन्य प्लेटें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

सोलर यूनिट खराब होने से खेत की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। किसान सुखराम गेणा ने बताया कि वे कृषि कार्यों और पेयजल की व्यवस्था के लिए पूरी तरह सोलर सिस्टम पर निर्भर हैं। अचानक हुए इस नुकसान से परिवार के सामने पानी की समस्या खड़ी हो गई है।

उन्होंने बताया कि पहले से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे परिवार के लिए सोलर प्लेटों की मरम्मत कराना आसान नहीं है। ऐसे में उन्हें प्रशासन से सहायता की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई किसानों को नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करवाकर किसान को शीघ्र राहत एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।

प्रभावित किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते राहत नहीं मिली तो किसान के सामने पेयजल और कृषि कार्यों का संकट और गहरा सकता है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here