लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मांगलियावास थाना पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, क्रेन से हटवाया ट्रेलर
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी, पीसांगन-अजमेर
पीसांगन (अजमेर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तबीजी के पास निर्माणाधीन पुलिया पर संतुलन बिगड़ने से बाजरे से भरा एक ट्रेलर नीचे गिर गया। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मांगलियावास थाना पुलिस ने दोनों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मांगलियावास थानाधिकारी मनीष गुप्ता के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर हैड कांस्टेबल स्वरूपाराम, कांस्टेबल मुकेश कुमार ओलण, रामजीलाल और विजेंदर कुमार को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने ट्रेलर में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
खैरथल से गुजरात जा रहा था ट्रेलर
पुलिस के मुताबिक, ट्रेलर चालक विष्णु कुमार सैनी (36) पुत्र मानसिंह सैनी, निवासी कालका माता मंदिर, बानसूर (अलवर) और खलासी रामसिंह निवासी बानसूर खैरथल-अलवर से बाजरा लेकर गुजरात के राधनपुर जा रहे थे। इसी दौरान तबीजी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया से गुजरते समय ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरा।
क्रेन की मदद से हटाया ट्रेलर, यातायात बहाल
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। हादसे की सूचना मिलने पर तबीजी निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य गोपाललाल गैणा सहित कई ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

























































