लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में टाटा कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे नकली नमक के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। टाटा कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर विश्वकर्मा थाना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली नमक बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के 17 नंबर इलाके में स्थित VK ट्रेडिंग कंपनी, गर्ग किराना स्टोर, और विशाल जनरल एंड फैंसी स्टोर पर कार्रवाई की गई। टाटा कंपनी के प्रतिनिधि के साथ सब-इंस्पेक्टर करिश्मा ने मिलकर इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, ये सभी दुकानदार टाटा कंपनी के नाम का दुरुपयोग करते हुए नकली नमक बेचकर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे थे। कार्यवाही के दौरान मौके से टाटा नमक के नकली पैकेट जब्त किये गए है।
विश्वकर्मा थाना पुलिस ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि उपभोक्ताओं को मिलावटखोरों से बचाया जा सके।