सिरोही में अप्रैल की भीषण गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, 42 डिग्री के पार पारा

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सिरोही राजस्थान-तुषार पुरोहित 

स्वरूपगंज समेत आसपास के गांवों में दोपहर के समय सड़कों पर पसरा सन्नाटा, कूलिंग उपकरणों की मांग में उछाल

सिरोही। जिले में अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। स्वरूपगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर का तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया, वहीं लोग जरूरी काम होने पर ही घरों
से बाहर निकल रहे हैं।

विवाह समारोहों में भी बढ़ी परेशानी

गर्मी का असर सामाजिक आयोजनों पर भी साफ नजर आ रहा है। इन दिनों विवाह समारोहों में शामिल होने वाले लोगों को तेज गर्मी के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पंडालों में भी गर्म हवाओं के चलते लोग राहत पाने के लिए शीतल पेय और ठंडे पानी का सहारा ले रहे हैं।

कूलिंग उपकरणों की मांग में उछाल

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब एयर कंडीशनर (एसी) और कूलर की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। स्वरूपगंज के व्यापारी शम्भु रावल के अनुसार, इस सीजन में कूलर और एसी की मांग में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाजार में नए-नए मॉडल उपलब्ध हैं, जिससे उपभोक्ताओं के पास विकल्प
भी बढ़े हैं।

कीमतों में 30-40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी

मांग बढ़ने के साथ ही कूलिंग उपकरणों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। कूलर की कीमतों में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि देखी जा रही है, जबकि टाट (घास के पर्दे) के दामों में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में एसी 30 हजार से 50 हजार रुपये की रेंज में, जबकि कूलर 5 हजार से 15 हजार रुपये के बीच बिक रहे हैं। उपभोक्ता अब बिजली की बचत के लिए 5-स्टार रेटिंग वाले उपकरणों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

बिजली की मांग पहुंची रिकॉर्ड स्तर पर

गर्मी के कारण कूलिंग उपकरणों के बढ़ते उपयोग से बिजली की खपत में भी भारी इजाफा हुआ है। ऊर्जा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 अप्रैल को देश की अधिकतम बिजली मांग 252.07 गीगावाट दर्ज की गई, जो एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 23 अप्रैल को 240.12 गीगावाट और 22 अप्रैल को 239.70 गीगावाट मांग दर्ज की गई थी।
270 गीगावाट तक पहुंच सकती है मांग
सरकार ने इस गर्मी के मौसम में अधिकतम बिजली मांग 270 गीगावाट तक पहुंचने का अनुमान जताया है। हालांकि अब तक वास्तविक मांग इस अनुमान से कुछ कम रही है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ बिजली की खपत में और वृद्धि हो सकती है। पिछले वर्ष जून 2025 में अधिकतम बिजली मांग 242.77 गीगावाट और अप्रैल में 235.32 गीगावाट रही थी।
हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। राजस्थान सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं छत्तीसगढ़, बिहार और विदर्भ क्षेत्रों में भी गर्मी का असर तेज रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो सप्ताह तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here