लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर (योगेश ऋषिका)। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के 95वें बलिदान दिवस पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति, जिला सीकर द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम होटल शिव पैलेस, स्टेशन रोड में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने वीर क्रांतिकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला संयोजक शिव भगवान नागा ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने मातृभूमि की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा दी। उनके साहस, त्याग और देशभक्ति की गाथा सदैव अमर रहेगी।
शिव भगवान नागा ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलते हुए समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से संकल्प लिया कि वे देश की एकता, अखंडता और सद्भाव को बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य उर्मिला धायल, राजेंद्र सैनी, भंवर लाल बिजारनीया, संदीप व्यास, मदन बिजारनीया, फुला राम चोहान, दिनेश सेठी, महिपाल झिगर, मुकुल शर्मा, प्रियंका भींचर, नरेंद्र मीणा, मुकेश सैनी, जितेन्द्र वर्मा, आनंद छब्बरवाल, अक्षय शर्मा, जगदीश पचार, नितिन सैनी, नरेश सैनी, सुनीता सैनी, प्रीतम सैनी, प्रदीप सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
ब्लॉक स्तर पर भी मनाया शहीद दिवस
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए और शहीद क्रांतिकारियों को याद किया गया। इस तरह पूरे जिले में शहीदों के बलिदान को याद किया गया।
शहीदों के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प
आयोजकों ने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सपनों को साकार करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।