Home latest ज्वाला माता के दर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नवाया शीश

ज्वाला माता के दर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नवाया शीश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

शाकम्भरी माता मंदिर में भी की पूजा-अर्चना, हवन में दी आहुति

दहमीकलां स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर में भी किए दर्शन

प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए की कामना

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को जोबनेर स्थित ज्वाला माता मंदिर एवं सांभर के शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

ज्वाला माता मंदिर में पुजारियों ने मुख्यमंत्री को माता की चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया, वहीं मंदिर ट्रस्ट द्वारा साफा पहनाकर एवं माता की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नौ देवी के रूप में सजी कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री सांभर स्थित शाकम्भरी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की तथा हवन में आहुति दी। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आए श्रद्धालुओं से मुलाकात भी की, जिससे आमजन में उत्साह का माहौल नजर आया।

जयपुर लौटते समय मुख्यमंत्री ने दहमीकलां स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर में भी दर्शन किए, जहां पुजारियों ने शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आमजन और किसानों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। झोटवाड़ा और हाथोज में लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया, वहीं धानक्या मोड़ पर किसानों ने उन्हें गेहूं की बालियां भेंट की। कालवाड़ में लोगों ने राम जल सेतु लिंक परियोजना के लिए आभार जताया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बस्सी नागा स्थित बजरंग गोशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौ सेवा की तथा जोबनेर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में कर्ण नरेंद्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। यहां छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इसके बाद फुलेरा में आमजन ने मुख्यमंत्री का गदा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने फुलेरा सर्किल पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। रिणगी, बिचून एवं मोखमपुरा गांवों में भी ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक निर्मल कुमावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version