लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सूरतगढ़। भारत माता के लाडले और युवाओं के प्रेरणा स्रोत अमर शहीद हेमू कालाणी का 103वां जन्म दिवस पूज्य झूलेलाल सेवा समिति और पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा मनाया गया। इस अवसर पर शहीद कालाणी मार्ग स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए और हेमू कालाणी चौक पर पूजा-अर्चना के बाद मिठाई वितरण किया गया।
कार्यक्रम में बाबो साहेब मनोहर लाल लोकवाणी ने पूजा-अर्चना करवाई। सिंधी समाज के नागरिकों ने अध्यक्ष धर्मचंद सिंधी की अगुवाई में जन्मदिवस पर खुशी प्रकट की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। अध्यक्ष धर्मदास ने कहा कि शहीद कालाणी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं और उनका बलिदान हमेशा देशभक्ति की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया और “शहीद हेमू कालाणी अमर रहे”, “भारत माता की जय” के उद्घोष लगाए। सरक्षक रमेश आसवानी ने शहीद कालाणी के जीवन पर प्रकाश डाला और बताया कि मात्र 19 वर्ष की आयु में कालाणी ने ब्रिटिश सेना की एक ट्रेन को पटरी से उतारने का प्रयास किया, जिसमें वे अंग्रेजों के हाथों गिरफ्तार हुए और 21 जनवरी 1943 को फांसी दे दी गई।
इस अवसर पर डॉक्टर अर्जुन शेवकानी, जगदीश पेशवानी, लीलाराम रोघानी, जगदीश आसवानी, चंद्र प्रकाश, गोविंद टेकवानी, रोहित चन्दवानी, रवि शेवकानी, राजकुमार लोकवाणी, अश्विनी आसवानी, सेवादारी अनुपानी सहित समाज के वरिष्ठ नागरिक और युवा साथी उपस्थित रहे।
