लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनोहरथाना/झालावाड़ (राजकुमार शर्मा)। राजस्थान सरकार के हालिया बजट को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी तेज हो गई है। मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विधायक नेमीचंद मीणा ने राज्य सरकार के बजट को “संवेदनहीन, गुमराह करने वाला और जनता को ठगने वाला” बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
मीणा ने कहा कि यह बजट किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और अति पिछड़े वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा है। उनके अनुसार बजट में घोषणाएं तो कई की गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई स्पष्ट विजन नजर नहीं आता।
“फ्री बिजली के नाम पर भ्रम”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि फ्री बिजली के नाम पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है, जबकि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं।
“ब्रांडिंग पर जोर, विकास पीछे”
मीणा ने कहा कि सरकार प्रचार-प्रसार पर अधिक ध्यान दे रही है, जबकि जमीनी विकास अपेक्षित स्तर पर नहीं दिख रहा। उन्होंने क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ने का भी आरोप लगाया।
शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर सवाल
झालावाड़ जिले के पीपलोदी में हुए स्कूल भवन हादसे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में अब भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। सुरक्षित भवन, शुद्ध पेयजल और आधारभूत संसाधनों की कमी के बीच बड़ी बजट घोषणाएं व्यावहारिक नहीं लगतीं।
“जनता देगी जवाब”
नेमीचंद मीणा ने कहा कि यह बजट विकास का नहीं, बल्कि प्रचार का दस्तावेज है। उन्होंने दावा किया कि जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।