लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उपखंड क्षेत्र में भारतीय किसान संघ की बैठक कृषि उपज मंडी परिसर में कर्नल मुकुट बिहारी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए।
कर्नल मुकुट बिहारी शर्मा ने बताया कि किसानों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए सरकार आगामी बजट में प्रावधान करे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में 80 से 85 प्रतिशत फसल खराब होने के बावजूद किसानों को मुआवजा नहीं मिला, इसलिए सरकार शीघ्र मुआवजा देने की कार्रवाई करे।
बैठक में यह भी कहा गया कि गांव-गांव से बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना में भर्ती होते हैं। सेना के अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में आकर युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करें।
किसान संघ पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने बजट को अच्छा बताया है, लेकिन किसानों की प्रमुख समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। किसानों को मिलने वाली 6 हजार रुपये की सहायता राशि में कोई वृद्धि नहीं की गई। गौसंवर्धन के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान नहीं किए जाने पर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में जवानों की पेंशन पर कर लगाने का भी विरोध किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश सेवा कर रहे जवानों की पेंशन पर टैक्स हटाया जाना चाहिए।
बैठक में रामस्वरूप धाकड़, शिवजीराम मीणा, अम्बालाल सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
