लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालोतरा | समदड़ी
बालोतरा जिले के समदड़ी क्षेत्र में अजीत गांव से पातो के बाड़ा के बीच स्थित महादेव वाड़ी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन का कारोबार धड़ल्ले से संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय बड़े पैमाने पर बजरी का अवैध परिवहन किया जा रहा है, जबकि दिन में भी ट्रैक्टर और डंपर बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार अवैध बजरी का कारोबार प्रतिदिन रात करीब 8 बजे के बाद तेज हो जाता है। उनका आरोप है कि महादेव वाड़ी स्थित लूनी नदी क्षेत्र से अवैध रूप से बजरी निकाली जाती है और इसे खेजड़लियारी गांव में स्टॉक किया जाता है। इसके बाद देर रात दर्जनों डंपरों के माध्यम से ऊंचे दामों पर अन्य क्षेत्रों में सप्लाई की जाती है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में अजीत गांव में पुलिस चौकी होने के बावजूद अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बजरी माफियाओं में प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग का कोई भय दिखाई नहीं देता।
वहीं, कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाए हैं कि पुलिस के कुछ कर्मियों की बजरी माफियाओं से मिलीभगत हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस या संबंधित विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इससे न केवल राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरण और नदी क्षेत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।



















































