लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
राजस्थान में बजरी माफिया राज का आतंक, सरकार और पुलिस की मिलीभगत के आरोप
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में लोहा मंडी लिंक रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने इस हादसे के लिए राज्य सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि इन मौतों का असली कारण बजरी माफिया का बढ़ता आतंक है, जो सरकार और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से पूरे प्रदेश में खुलेआम मौत के डंपर सड़कों पर दौड़ा रहे हैं।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि बजरी माफिया से पुलिस और सरकार तक मोटी रकम पहुंच रही है, जबकि निर्दोष लोग सड़कों पर अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री हादसों पर संवेदना जताने के बजाय बेतुके बयान दे रहे हैं।
“ड्राइवर शराब पीकर गाड़ी चलाएगा तो विभाग क्या करेगा?”
— भाजपा मंत्री का बयान
खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान के लिए “पनौती” साबित हो रहे हैं। जब-जब जनता सवाल पूछती है, तब मुख्यमंत्री दिल्ली की पर्ची का इंतजार करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर दिन सड़क हादसे और मौतें हो रही हैं, लेकिन सरकार सिर्फ बयानबाज़ी और जिम्मेदारी से बचने में व्यस्त है।
