लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
मुनि की प्रेरणा से श्रावकों ने विद्यालय के रखरखाव हेतु सवा दो लाख रुपए का दान दिया
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे में मंगलवार को जैन संत उप प्रवर्तक युवा मनीषी कोमल मुनि करुणाकर एवं हर्षित मुनि का सान्निध्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुंवारिया को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मुनि श्री ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा दी।
मुनि ने कहा कि “शिक्षा के लिए दिया गया दान धन की सबसे श्रेष्ठ गति है। शिक्षित समाज ही राष्ट्र की सच्ची शक्ति होता है।”
उन्होंने विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव तथा सौंदर्यीकरण के लिए ‘पहल सेवा संस्था’ द्वारा चलाई जा रही जनोपयोगी मुहिम की सराहना की और विभिन्न सामाजिक कार्यों का अवलोकन किया।
पहल सेवा संस्थान के सचिव गिरिराज काबरा ने बताया कि मुनि की प्रेरणा से श्री संघ कुंवारिया तथा कन्हैया लाल बसंती लाल कैलाश चंद्र तातेड परिवार द्वारा रसायन विज्ञान प्रयोगशाला के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण के लिए ₹1 लाख की राशि भेंट की गई।
इसके अतिरिक्त मुनि के आदेश पर श्रावक ताराचंद ओस्तवाल ने कक्षा कक्षों के जीर्णोद्धार हेतु ₹1,21,000 का सहयोग प्रदान करने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुनि ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन दिए और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर गिरिराज काबरा, महेंद्र टांक, संघ अध्यक्ष पारसमल ओसवाल, महामंत्री प्रकाश पीपाड़ा, कोषाध्यक्ष भेरूलाल तातेड, मेवाड़ महिला मंडल अध्यक्ष शालिनी तातेड, यशवंत प्रकाश पीपाड़ा, विपिन तातेड, राकेश चपलोत, दीनदयाल त्रिपाठी, रामप्रकाश सोमानी, कार्यवाहक प्रधानाचार्य हीरालाल सालवी, भगवती नंदन दाधीच सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित रहीं।