लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वायरल वीडियो के बाद पुलिस सक्रिय
जोधपुर। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के चावंडा गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रास्ते के विवाद को लेकर एक ही परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग फावड़े और डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की।
घर बना रणभूमि, महिलाएं भी आईं चपेट में
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रास्ते के विवाद को लेकर परिवार के सदस्य आपस में मारपीट कर रहे हैं। महिलाएं चीखती-चिल्लाती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ लोग फावड़े और डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट का यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रास्ते के अधिकार को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार विवाद परिवार के सदस्यों के बीच रास्ते के उपयोग को लेकर शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में लंबे समय से इस बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला किसी बाहरी व्यक्ति से जुड़ा नहीं है, बल्कि एक ही परिवार के सदस्यों के बीच का विवाद है। बताया जा रहा है कि विधवा भाभी और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच रास्ते को लेकर पहले से तनाव चल रहा था।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस पहुंची मौके पर
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट वेस्ट की राजीव गांधी नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई।
राजीव गांधी नगर थाना प्रभारी वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि चावंडा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर परिवार के दो पक्षों में मारपीट हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से संपर्क किया है। दोनों पक्षों ने थाने में रिपोर्ट देने की बात कही है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि वायरल वीडियो ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि छोटे विवाद किस तरह बड़े संघर्ष में बदल रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
